अग्निपथ से निकले अग्निवीर दुनिया में अपने आप को स्थापित करते हुए ‘राष्ट्र रक्षा' के लिए सदैव जाने जायेंगे- तरुण चुग
चंडीगढ़
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने मीडिया से बात करते हुए पिछले आठ वर्षो में रक्षा क्षेत्र में मोदी सरकार ने किए गए कार्यो को बताते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश की रक्षा के लिए विगत 8 वर्षों में जितना काम किया, उतना आज तक किसी ने भी नहीं किया। पहले बॉर्डर पर पहुँचने पर तीन-तीन दिन लग जाते थे, लेकिन श्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 8 वर्षों में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में जो तेजी आई है और जिस प्रकार से विकास हो रहा है, उससे अब हमारे जवान 24 घंटे में बॉर्डर पर पहुँच सकते हैं।
आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने कई बार दुनिया को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि हम किसी की जमीन का अतिक्रमण करने को इच्छुक नहीं हैं लेकिन भारत भूमि पर यदि कोई गलत निगाह डालेगा तो उसे किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। ये नरेन्द्र मोदी सरकार है जिसने दुश्मनों के नापाक इरादों को सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के जरिये जवाब दिया है।
अग्निपथ योजना के बारे में बोलते हुए राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि यह एक क्रांतिकारी योजना है। यह योजना दुनिया में भारत की फ़ौज को और मजबूती देने में सहायक सिद्ध होगी। देश में कुछ ऐसी ताकतें मौजूद हैं जो नहीं चाहती कि रक्षा क्षेत्र में सुधार और परिवर्तन आये, इसलिए वे युवाओं को बरगलाने और गुमराह करने का काम कर रही हैं। हम चाहते हैं कि हमारी युवा शक्ति का उपयोग सही तरीके से देश की सेवा में हो। अतः मैं देश के युवाओं से निवेदन करना चाहता हूँ कि आपको आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पर पूर्ण भरोसा रखना चाहिए।
अग्निपथ योजना युवाओं की क्षमता में और निखार लाएगा और उनके उज्जवल भविष्य को संवारेगा। अग्निपथ से निकले अग्निवीर दुनिया में अपने आप को स्थापित करते हुए ‘राष्ट्र रक्षा' के लिए सदैव जाने जायेंगे। मैं युवा साथियों से अपील करता हूँ कि आप पहले गहराई से इस योजना को समझें कि ये योजना आपके लिए एक साथ कितने अवसर लेकर आ रही है। अग्निपथ योजना साढ़े 17 साल में किसी युवा को न केवल ‘इंडियन आर्मी' के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान करती है बल्कि अन्य सर्विस से जुड़ कर उसमें भी आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करती है।
मैं युवा साथियों से अपील करना चाहता हूँ कि आप आंदोलन की राह छोड़ें और अपने भविष्य को एक नया आयाम देने के लिए गहराई से अग्निपथ योजना को समझें, जानें और इससे जुड़ कर देश की सेवा में अपने आप को समर्पित करें। यही देश की पुकार है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें